
सतना। जिले के कोठी थाना पुलिस ने बहुचर्चित रोहित डोहर हत्याकांड में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय थीं। पुलिस के अनुसार 1 मई की रात रनेही तालाब स्थित हनुमान मंदिर के पास गौरा निवासी भवानी प्रसाद डोहर और उनके भाई रोहित डोहर का कुछ लोगों ने रास्ता रोक लिया था। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और इस दौरान रोहित डोहर 24 वर्ष पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में भवानी प्रसाद डोहर की शिकायत पर कोठी थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के दिन ही पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था जबकि एक आरोपी उमेश चौधरी पिता गनपत चौधरी 27 वर्ष निवासी मौहारी थाना नागौद फरार चल रहा था। साइबर सेल की सहायता से गठित दो पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और आखिरकार आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



