मध्य प्रदेशसतना

बाल्टी में डूबने से डेढ़ वर्षीय काव्या की दर्दनाक मौत…

खेलते-खेलते बुझ गई मासूम की जिंदगी

सतना। मैहर के रामनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है जहां घर के आंगन में खेल रही डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और मोहल्ले में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 4 स्थित आईटीआई के पास रहने वाले संजय कोल की सबसे छोटी बेटी काव्या कोल घर में खेल रही थी। परिवार में तीन बेटियां हैं जिनमें बड़ी अंजली कोल, दूसरी अंशिका कोल और सबसे छोटी डेढ़ वर्षीय काव्या थी।

बताया गया कि उस समय उसकी दोनों बड़ी बहनें पानी लेने बाहर गई हुई थीं जबकि काव्या घर में खेलते-खेलते पानी से भरी बाल्टी के पास पहुंच गई। संभावना जताई जा रही है कि खेल के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह बाल्टी में गिर गई और खुद को बाहर नहीं निकाल सकी। कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। डेढ़ वर्ष की नन्ही बच्ची की अचानक हुई मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button