भोपालमध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत राज्यमंत्री पंवार ने सुठालिया तहसील कार्यालय एवं शासकीय अस्पताल का किया निरीक्षण

भोपाल

मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सुठालिया तहसील कार्यालय एवं शासकीय स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।

राज्यमंत्री  पंवार ने निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय में उपस्थित एसडीएम  गोविंद कुमार दुबे एवं तहसीलदार  रामनिवास धाकड़ से तहसील क्षेत्र में राजस्व संबंधी प्रकरणों, लंबित मामलों तथा आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन एवं राजस्व से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक सुगमता से पहुंचाना, नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाना है।

राज्य  पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नागरिकों की समस्याएं केवल सुनी ही न जाएं, बल्कि उनका समय-सीमा में समाधान भी हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

इसके पश्चात राज्यमंत्री  पंवार ने सुठालिया स्थित शासकीय स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान नारीहेड़ा, बारसाना, राजपुरा, नापानेरा, हरनातपुरा, लालझारी सहित विभिन्न ग्रामों से उपचार के लिए आए लोगों से भी उन्होंने बातचीत की।

राज्यमंत्री  पंवार ने मरीजों से अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं, जांच सुविधाओं, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की भी जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों से कहा कि शासन की स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सहज रूप से पहुंचना चाहिए।

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ अस्पताल परिसर में स्वच्छता, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सम्मानजनक एवं संवेदनशील वातावरण में उपचार मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत किए गए इस निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री  पंवार ने प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button