मध्य प्रदेशसतना

हिंसक हो गया जंगल विभाग का ये अफसर, कुर्सी से पत्नी का गला दबाकर पीटा, देखें घटना का लाइव वीडिओ…

पति-पत्नी और वो विवाद में सामने आया नया वीडियो

सतना। घरेलू हिंसा का शिकार न केवल आम घरों की महिलाएं हैं बल्कि हाई प्रोफाइल परिवारों में भी महिलाओं को अत्याचार सहने के लिए विवश होना पड़ रहा है। रीवा के होटल में पति पत्नी और वो कांड से चर्चा में आये रेंजर बृजेन्द्र पांडेय और उनकी पत्नी कॉन्स्टेबल भारती उपाध्याय का विवाद लंबे समय से चल रहा है। पत्नी ने पति को रंगरेलियां मानते रंगेहाथों पकड़ा, जिसके बाद से कभी पति अपनी पत्नी पर मामला दर्ज कराने थाने में आवेदन देता है तो कभी पत्नी आवेदन देने थाने पहुंचती है। अब दोनों के बीच चल रहे विवाद का कथित CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक पुरुष और महिला के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि जंगल विभाग का अफसर पत्नी के गले में कुर्सी रखकर क्रूरतापूर्वक पिटाई कर रहा है। लगभग 10 माह पुराने सीसीटीवी में साफ है कि पत्नी भले ही पुलिस डिपार्टमेंट में सेवाएं दे रही है तब भी पति उस पर अत्याचार करने से बाज नहीं आ रहा।

कॉन्स्टेबल भारती उपाध्याय का दावा है कि वायरल वीडियो बरौंधा स्थित सरकारी आवास का है। उनके अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहा पुरुष उनके पति रेंजर बृजेन्द्र पांडेय हैं, जबकि महिला स्वयं वह हैं। भारती का कहना है कि यह घटना उस समय की है जब उन्होंने अपने पति की दूसरी महिलाओं से बातचीत और संबंधों को लेकर आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ा और कथित तौर पर मारपीट की नौबत आ गई। भारती ने बताया कि उनकी दो साल की बेटी घर में रहती है इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने सरकारी आवास में CCTV कैमरे लगवाए थे। उनका दावा है कि उसी कैमरे में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। अब वीडियो वायरल होने के बाद मामला सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया है।

होटल विवाद के बाद सामने आया वीडियो
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब कुछ दिनों पहले ही भारती उपाध्याय ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि 15 जून को उन्हें सूचना मिली थी कि उनके पति रीवा हाईवे स्थित एक होटल के कमरे में एक युवती के साथ रुके हुए हैं। संदेह होने पर वह होटल पहुंचीं और कमरे की जांच की। भारती के अनुसार कमरे के बाथरूम में एक युवती मिली, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया और मामला होटल परिसर से सड़क तक पहुंच गया। भारती का आरोप है कि इस घटना के बाद उनके वैवाहिक संबंध और अधिक खराब हो गए। उनका कहना है कि पति लंबे समय से दूसरी महिलाओं के संपर्क में रहते हैं और उनसे तलाक चाहते हैं। इसी कारण उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

चोरी की FIR को बताया दबाव बनाने की कोशिश
होटल विवाद के बाद रेंजर बृजेन्द्र पांडेय की ओर से कार, दो लाख रुपये नकद और एक आईफोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। भारती उपाध्याय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह शिकायत उन्हें कानूनी कार्रवाई से रोकने और दबाव बनाने के उद्देश्य से दर्ज कराई गई है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित अवधि के दौरान उनकी मौजूदगी और वाहन की लोकेशन की पुष्टि होटल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और CCTV फुटेज से की जा सकती है। भारती का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो चोरी के आरोपों की वास्तविकता भी सामने आ जाएगी।

निष्पक्ष जांच की मांग
भारती उपाध्याय ने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि उनके पास वीडियो, दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें वह जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। उनका मानना है कि होटल विवाद, वायरल CCTV फुटेज, घरेलू हिंसा के आरोप और चोरी की शिकायत की एक साथ जांच होने पर पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में दोनों पक्षों के दावे सामने हैं और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button