शहर में नशे का फैमिली बिजनेस: पति सप्लाई करता था कफ सिरप, पत्नी संभाल रही थी नशीली गोलियों का कारोबार..
पुलिस ने पकड़ कर दोनों को भेजा जेल

सतना। शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को अलग-अलग दबिश देकर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पति अजय अग्रवाल उर्फ बंटा के कब्जे से 14 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप और बिना नंबर का ई-रिक्शा जब्त किया, जबकि उसकी पत्नी सुनीता अग्रवाल के पास से 550 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गईं। पुलिस जांच में सामने आया है कि नशे के कारोबार से जुड़े कई मामलों में आरोपी रहे अजय अग्रवाल ने अपनी पत्नी को भी इस अवैध धंधे में शामिल कर लिया था और दोनों मिलकर शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे।
आरोपी पति पत्नी

पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि रामना टोला निवासी अजय अग्रवाल उर्फ बंटा चांदनी टॉकीज के पास ई-रिक्शा में बैठकर नशीली कफ सिरप बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा लेकिन उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके झोले से 14 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुई। आरोपी इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 32,520 रुपये कीमत की कफ सिरप और बिना नंबर का ई-रिक्शा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं ड्रग कंट्रोल एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक अन्य सूचना मिली कि आरोपी की पत्नी सुनीता अग्रवाल रामना टोला स्थित अपने घर के पास प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने के लिए खड़ी है। महिला पुलिस के साथ पहुंची टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास रखी पॉलीथीन से 55 पत्ते यानी कुल 550 नशीली टैबलेट बरामद हुईं। इन गोलियों के संबंध में भी वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। पुलिस ने करीब 1,925 रुपये कीमत की गोलियां जब्त कर उसे भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार अजय अग्रवाल उर्फ बंटा पहले से ही नशे के कारोबार से जुड़े कई मामलों में आरोपी रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने अपनी पत्नी को भी इस अवैध कारोबार में शामिल कर लिया था और दोनों मिलकर शहर में नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित गोलियों की बिक्री कर रहे थे। सिटी कोतवाली पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें नशीली दवाइयों की खेप कहां से मिलती थी और शहर में किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है।



