नौकरी के लिए ऑपरेटर का हाई वोल्टेज ड्रामा
करंट दौड़ते पोल पर चढ़ा युवक नागौद हरदुआ उप केंद्र में एक घंटे तक मची रही अफरा-तफरी

सतना। जिले के नागौद क्षेत्र स्थित हरदुआ विद्युत उपकेंद्र में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आउटसोर्स कर्मचारी और सब स्टेशन ऑपरेटर अजय वर्मा नौकरी से निकाले जाने के विरोध में विद्युत उपकेंद्र के पोल पर चढ़ गया। कर्मचारी ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी भी दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों और विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार अजय वर्मा का आरोप है कि कुछ समय पूर्व आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में की गई कटौती का कर्मचारियों ने विरोध किया था। इसके बाद विभागीय अधिकारियों द्वारा विरोध करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई। अजय का कहना है कि कई कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया, जबकि कुछ को दूरस्थ क्षेत्रों में स्थानांतरित कर दिया गया। इसी कार्रवाई के तहत उसे भी नौकरी से निकाल दिया गया, जिसके विरोध में उसने यह कदम उठाया।
मौके का वीडियो
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अजय वर्मा सुबह विद्युत उपकेंद्र पहुंचा और चालू विद्युत लाइन के पोल पर चढ़ गया। उसने अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक उसे दोबारा नौकरी पर नहीं रखा जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। कर्मचारी के पोल पर चढ़ने की सूचना मिलते ही उपकेंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अमला और नागौद पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कर्मचारी से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस और विभागीय अधिकारियों ने लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाया।
लंबी समझाइश और आश्वासन के बाद अजय वर्मा पोल से नीचे उतरने को तैयार हुआ। बताया गया कि अधिकारियों ने उसकी मांगों पर सकारात्मक विचार करने तथा उसे पुनः नौकरी में रखने का आश्वासन दिया है। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना नहीं हुई, लेकिन उपकेंद्र में लंबे समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। कर्मचारी द्वारा उठाए गए इस कदम ने आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं और उनके रोजगार की असुरक्षा को एक बार फिर उजागर कर दिया है। विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।



