नगर निगम कर्मचारी का कारनामा, जनगणना कार्य के आधिकारिक ग्रुप में डाल दिए अश्लील वीडियो…
कर्मचारियों में नाराजगी महिला कर्मचारी हुईं असहज

सतना। जनगणना 2026 (सेंसेस) के कार्यों के समन्वय के लिए बनाए गए एक आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में कथित रूप से अश्लील वीडियो पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रुप से जुड़े कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों में नाराजगी और असहजता का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार सेंसेस जोन 1/2026 नाम से संचालित व्हाट्सएप ग्रुप नगर निगम जोन क्रमांक-1 के प्रभारी दीपक बागरी द्वारा बनाया गया है। इस ग्रुप में जनगणना कार्य से जुड़े अनेक कर्मचारी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ग्रुप में डिप्टी कमिश्नर सत्यम मिश्रा भी सदस्य के रूप में जुड़े हुए हैं। ग्रुप का उद्देश्य जनगणना संबंधी सूचनाओं, निर्देशों और कार्यों के समन्वय को सुनिश्चित करना है।
आरोप है कि इसी ग्रुप में एक कर्मचारी द्वारा अपने व्हाट्सएप नंबर से अश्लीलता फैलाने वाला वीडियो पोस्ट कर दिया गया। वीडियो पोस्ट होते ही ग्रुप में मौजूद कर्मचारियों के बीच चर्चा शुरू हो गई। महिला कर्मचारियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए स्वयं को असहज महसूस करने की बात कही। कई सदस्यों ने इसे सरकारी कार्य से जुड़े समूह की गरिमा के विपरीत बताया।
सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद कुछ कर्मचारियों ने ग्रुप छोड़ दिया, जबकि अन्य सदस्यों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। कर्मचारियों का कहना है कि शासकीय कार्यों के लिए बनाए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग केवल प्रशासनिक और कार्यालयीन कार्यों तक सीमित रहना चाहिए तथा इस प्रकार की सामग्री साझा करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
हालांकि इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



