बेटी के जन्मदिन के दो दिन बाद मां की मौत, परिजनों ने बताया दहेज का शिकार…

सतना। चित्रकूट अनुभाग के बरौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत चुवा गांव में 26 वर्षीय विवाहिता अंजना विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकने से मौत हो गई। सबसे मार्मिक बात यह है कि अंजना की दो वर्षीय बेटी का जन्मदिन मनाए अभी दो दिन ही बीते थे, जिसके बाद उसकी मां की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पांच साल पहले हुआ था विवाह
जानकारी के अनुसार अंजना विश्वकर्मा का विवाह 29 नवंबर 2021 को सुनील विश्वकर्मा से हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर जब मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे तो अंजना का शव घर के भीतर जमीन पर पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका की बड़ी बहन कल्पना विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि शादी के महज 15 दिन बाद से ही अंजना को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था। उसके अनुसार ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल, टीवी, फ्रिज, कूलर और नकदी की मांग करता था। मांग पूरी नहीं होने पर पति, सास, जेठ और जेठानी मिलकर उसके साथ मारपीट करते थे। कल्पना का आरोप है कि जेठ पूरे मायके परिवार को गांजे के झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी देता था। परिजनों ने आशंका जताई है कि अंजना की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है।

मौके पर पहुंचे एसडीओपी-नायब तहसीलदार
घटना की गंभीरता को देखते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं बरौधा वृत के तहसीलदार डॉ. सुदामा प्रसाद तथा चित्रकूट एसडीओपी राजेश बंजारे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच के निर्देश दिए। अंजना की मौत के बाद उसकी दो वर्षीय बेटी के सिर से मां का साया उठ गया है। मायके पक्ष ने प्रशासन से बच्ची के अधिकारों की रक्षा करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
बरौधा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।



