नन्हीं मान्या को मिला मेहनत का मेडल
स्टेट लेबल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक

सतना। मध्य प्रदेश के सागर जिले में 12 से 14 जून 2026 तक आयोजित ओपन गोल्ड कप एमपी स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में सतना की उभरती खिलाड़ी मान्या पांडे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री सब जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है। सतना मार्शल आर्ट अकादमी के संस्थापक एवं कोच संदीप भारती ने बताया कि इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कई आयु और भार वर्गों की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं जिनमें सबसे अधिक आकर्षण नन्हे खिलाड़ियों की प्री सब जूनियर कैटेगरी रही। इसी वर्ग में मान्या पांडे ने अपने दमदार खेल अनुशासन और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर सतना का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया।

कोच संदीप भारती ने बताया कि मान्या ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान आत्मविश्वास के साथ मुकाबले खेले और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने यह भी बताया कि सतना मार्शल आर्ट अकादमी के अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन करते हुए गोल्ड, सिल्वर और ब्रांच मेडल अपने नाम करते हुए शानदार खेल दिखाया। अकादमी के खिलाड़ियों की सफलता से यह साबित होता है कि सतना में ताइक्वांडो प्रतिभाओं को लगातार बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है। मान्या पांडे की इस उपलब्धि को लेकर खेल जगत और शहरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उम्मीद जताई जा रही है कि वह भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।



