CRIMEमध्य प्रदेशसतना
दिन दहाड़े टीआई से हाथापाई, आरोपी छुड़ाने का सनसनीखेज प्रयास…
शहर के बीच सिविल लाइन तिराहे में हुई घटना, मामले को दबाने में जुटा रहा पुलिस महकमा

सतना। लूट के एक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के लिए मझगवां पुलिस ने शहर में दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया और उसे वाहन में बैठाया, साथ ले जाने के लिए रवाना हुए। बीच रास्ते में आरोपी के साथियों ने पुलिस का वाहन रोक लिया। सरेआम पुलिस वाहन रोक कर थाना प्रभारी व वाहन में मौजूद पुलिस कर्मियों से झूमाझटकी कर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। हालांकि आरोपी को छुड़ाने में उसके साथी सफल नही हो पाए।
सिविल लाइन तिराहे में रोका वाहन
इस संबंध में पुलिस विभाग से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मझगवां थाना में दर्ज लूट के एक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी अजय जायसवाल उर्फ अज्जू की तलाश में शनिवार को मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे ने पुलिस टीम के साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने फरार आरोपी अजय जायसवाल उर्फ अज्जू को धर दबोचा। फरार आरोपी को कब्जे में लेकर मझगवां थाना प्रभारी अपने सहयोगी स्टाफ के साथ निजी वाहन (किराए का वाहन) से मझगवां के लिए रवाना हुए। पुलिस विभाग से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शाम 5.30 बजे के करीब निजी वाहन से आरोपी को लेकर जा रहे मझगवां थाना प्रभारी को आरोपी के साथियों ने वाहन को ओव्हरटेक कर रुकवा लिया। पुलिस का वाहन रुकते ही आरोपियों ने लूट के प्रकरण में फरार अपने साथी को छुड़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया। बताया जाता है कि अपने साथी को पुलिस से छुड़ाने के लिए दिनदहाड़े बीच सड़क में पुलिस का वाहन रुकवाने वाले गुंडों ने मझगवां थाना प्रभारी और उनके साथ कार्रवाई में शामिल पुलिस कर्मियों के साथ आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग कर हाथापाई और झूमाझटकी की गई। बताया गया कि मझगवां थाना प्रभारी और उनकी टीम किसी कदर गुंडो से अपना बीच बचाव कर सिविल लाइन थाना पहुुंची।
सिविल लाइन में दर्ज की गिरफ्तारी
सिविल लाइन तिराहे में फरार आरोपी को लेकर जा रही मझगवां पुलिस को रोक कर गाली- गलौज कर हाथापाई करने वाले आरोपी अभी चिन्हित नही हो पाए हैं। बताया गया कि लूट के फरार आरोपी को लेकर मझगवां टीआई सिविल लाइन थाना पहुंचे। यहां पर फरार आरोपी की गिरफ्तारी शुमार की गई। कार्रवाई में शामिल मझगवां टीआई के हमराह एएसआई जय सिंह बागरी के द्वारा सिविल लाइन थाना में फरार आरोपी की गिरफ्तारी कर थाना जाते समय सिविल लाइन तिराहा में वाहन रुकवा कर आरोपियों के द्वारा गिरफ्तार आरोपी को छुड़वाने का प्रयास करने, गाली-गलौज और हाथापाई किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि सिविल लाइन टीआई प्रीती विश्वकर्मा के द्वारा प्रकरण की जानकारी तकरीबन एक घंटे तक वरिष्ठ अधिकारियों से छिपाई गई। मझगवां टीआई के द्वारा भी पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया जाता रहा।



