CRIMEमध्य प्रदेशसतना

हिस्ट्रीशीटर की फरारी में पत्नी बनी शराब तस्कर…

महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध शराब जप्त 20 से अधिक मामलों में वांछित पति की तलाश जारी

सतना। मैहर में कई संगीन मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर बदमाश और शराब तस्कर आशीष चौरसिया के फरार होने के बाद उसकी पत्नी ने कथित तौर पर अवैध शराब तस्करी की जिम्मेदारी संभाल ली। मैहर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार से 90 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में हिस्ट्रीशीटर की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आशीष चौरसिया की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 3 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कटनी की ओर से एक काले रंग की कार एमपी 19 जेडटी 4630 में अवैध शराब लेकर मैहर की ओर जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-30 स्थित बेरमा मंडी के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार से 10 कार्टन में रखी 90 लीटर अवैध अंग्रेजी गोवा शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 67,500 रुपये आंकी गई। पुलिस ने वाहन भी जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोलू उर्फ वीर सिंह सेंगर निवासी वृंदावन कॉलोनी, कंचन उर्फ कल्पना चौरसिया पत्नी आशीष चौरसिया निवासी बड़गैया की गली, वृंदावन कॉलोनी तथा सचिन पटेल निवासी उमरी पैला को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

आरोपियों की फोटो

फरारी के दौरान पत्नी के जरिए चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार महिला कंचन उर्फ कल्पना का पति आशीष चौरसिया मैहर का हिस्ट्रीशीटर बदमाश और कुख्यात शराब तस्कर है, जो लंबे समय से फरार चल रहा है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए भूमिगत रहने के दौरान वह अपनी पत्नी और साथियों के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी संचालित करा रहा था। पुलिस के अनुसार मई माह में नादन देहात थाना पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में खुलासा हुआ था कि शराब की खेप आशीष चौरसिया ने मंगवाई थी। उसी मामले में उसे भी आरोपी बनाया गया लेकिन तब से वह फरार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button