मध्य प्रदेशसतना

वकील के घर में 37 लाख की चोरी, CCTV कैमरे भी उखाड़ ले गए चोर…

पीछे की फेंसिंग काटकर घुसे बदमाश, तिजोरी तोड़कर नकदी और जेवरात ले उड़े

सतना। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनौरा में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। हाईकोर्ट जबलपुर में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता रजनीश शर्मा के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश करीब 37 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें दो नकाबपोश बदमाश घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार डीपीएस स्कूल के पास सोनौरा स्थित अधिवक्ता रजनीश शर्मा के घर में 2 और 3 जुलाई की दरमियानी रात करीब 1:50 बजे चोरी की घटना हुई। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। रजनीश शर्मा जबलपुर में थे, जबकि उनके पिता शंकरदीन शर्मा पास स्थित दूसरे मकान में रह रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर ऑफिस में रखी तिजोरी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे 37 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा दूसरे कमरे की आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात भी चुरा लिए गए। रजनीश शर्मा ने बताया कि नकदी की यह राशि एक जमीन सौदे के भुगतान के लिए घर में रखी गई थी। चोरी की जानकारी मिलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत सौंपी।
फेंसिंग काटकर पहुंचे छत तक
बताया गया है कि रविवार को शंकरदीन शर्मा ने घर के पीछे लगी तार फेंसिंग कटी हुई देखी। वहीं पानी की टंकी के पास से छत पर चढ़ने के निशान भी मिले। संदेह होने पर उन्होंने घर की जांच की तो छत का दरवाजा खुला मिला। इसके बाद उन्होंने पुत्र रजनीश शर्मा को सूचना दी। शाम को जब रजनीश घर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और ऑफिस की तिजोरी खुली हुई थी। जांच के दौरान पता चला कि घर में लगे सात सीसीटीवी कैमरे भी गायब हैं। हालांकि डीवीआर में मौजूद रिकॉर्डिंग देखने पर दो नकाबपोश बदमाश घर के अंदर आते-जाते दिखाई दिए।
सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे
पीड़ित अधिवक्ता ने चोरी की घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। साथ ही फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। कोलगवां थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button