महंगाई के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, शहर में निकाला पैदल मार्च, गुलाब भेंट कर जताया विरोध

सतना। पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने हल्ला बोल प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष आरिफ इकबाल सिद्दीकी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक स्थित पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च निकाला। मार्च मुख्य बाजार से होते हुए जगतदेव तालाब के पास स्थित पेट्रोल पंप पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आम लोगों से मुलाकात कर उन्हें गुलाब भेंट किए और महंगाई के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
क्या महंगा नहीं हुआ, यह पूछना चाहिए
पार्टी प्रवक्ता अमित गोयल ने कहा कि अब यह पूछने का समय नहीं है कि क्या महंगा हुआ है, बल्कि यह पूछा जाना चाहिए कि क्या महंगा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि महंगाई से आम आदमी परेशान है और अब भाजपा सरकार की विदाई का समय आ गया है। कांग्रेस नेता विक्रांत त्रिपाठी ने कहा कि महंगाई की चौतरफा मार से आम जनता की कमर टूट चुकी है। पेट्रोल-डीजल के साथ घरेलू गैस सिलेंडर, प्याज और खाद्य तेल के दाम बढ़े हैं। त्योहारों के समय शक्कर के दाम बढ़ने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने सरकार से आवश्यक वस्तुओं और ईंधन की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण की मांग की।



