बारिश के पानी में बहा पहली कक्षा का छात्र…
ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान, मैहर जिले के भदनपुर माध्यमिक शाला से छुट्टी के बाद हुई घटना, घटना का लाइव वीडियो आया सामने

मैहर। जिले के माध्यमिक शाला भदनपुर से छुट्टी के बाद हुई एक घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। लगातार बारिश के कारण जलमग्न सड़क पार करते समय पहली कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र तेज बहाव में बह गया। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से बच्चे की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार विद्यालय की छुट्टी होने के बाद छात्र अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूल के पास बारिश का पानी सड़क पर भर गया था और पानी का बहाव काफी तेज था। सड़क पार करते समय मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिरकर बहाव के साथ ढोला में चला गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बच्चे को बहते देख तत्काल दौड़कर उसे बाहर निकाला। समय रहते किए गए इस प्रयास से बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जलभराव और तेज बहाव के बीच बच्चे के बहने तथा ग्रामीणों द्वारा उसे बचाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। घटना ने स्कूलों के आसपास जलभराव और विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संबंध में जब विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) आनंद शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बारिश के मौसम में जलभराव वाले मार्गों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं और स्कूलों के आसपास जोखिम वाले स्थानों की निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



