पहले पेट भर खाए रसगुल्ले, फिर नकदी सहित सामान समेट ले गए चोर…

सतना। जिले के बिरसिंहपुर कस्बे में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चोरों ने बेखौफ होकर एक के बाद एक तीन दुकानों में सेंधमारी कर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। बदमाशों ने पहले होटल में रखे रसगुल्ले खाए फिर आराम से नकदी और सामान समेटकर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर उनके होश उड़ गए। लगातार तीन दुकानों में हुई चोरी से व्यापारियों में दहशत का माहौल है वहीं पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सबसे पहले बदमाश रन्नू होटल में घुसे। उन्होंने दुकान के ताले और शटर को क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया। यहां से दो बोरी मैदा, दो डिब्बे रसगुल्ले और गल्ले में रखे करीब 650 रुपये के सिक्के चोरी कर लिए। होटल संचालक ने बताया कि चोरों ने दो डिब्बों में रखे रसगुल्ले वहीं बैठकर खाए और खाली डिब्बे काउंटर पर छोड़ दिए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश बिना किसी डर के काफी देर तक दुकान के भीतर रहे।
इसके बाद चोरों ने मुकेश हलवाई की पान दुकान को निशाना बनाया। दुकान के ताले तोड़कर अंदर रखे पान मसाला, गुटखा, सिगरेट और अन्य सामान सहित हजारों रुपये का माल पार कर दिया। साथ ही गल्ले में रखे 3,850 रुपये नकद भी चोरी कर लिए। चोरी की वारदात यहीं नहीं रुकी। बदमाशों ने इसके बाद मुन्नू चौरसिया की पान दुकान के भी ताले तोड़ दिए और दुकान में रखा सामान चोरी कर फरार हो गए।लगातार तीन दुकानों में हुई सेंधमारी से व्यापारियों में दहशत फैल गई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस की गश्त प्रभावी होती तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती।
पुलिस जाँच में जुटी
गुरुवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर घटना की जानकारी हुई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। व्यापारियों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सभापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी करने वालों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



