धार्मिक उन्माद व वैमनस्य फैलाने वाले रीलबाज पर एफआईआर दर्ज
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर जातिगत टिप्पणी करने का आरोप

सतना। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मैहर आगमन और सनातन संवाद कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित जातिगत टिप्पणी के मामले में मैहर पुलिस ने कार्रवाई की है। फेसबुक आईडी ‘आजाद पटेल अमरपाटन’ से की गई पोस्ट को लेकर आदित्य मालिक ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोस्ट में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लिए अनुचित शब्दों का इस्तेमाल करने के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने को लेकर भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आजाद पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) और 353(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
फेसबुक पर की थी आपत्ति जनक पोस्ट
पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक वार्ड नंबर 9 पुरानी बस्ती निवासी आदित्य मालिक 19 वर्ष ने 25 अक्टूबर को अपने दोस्त पवन पसेरिया के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आजाद पटेल नामक व्यक्ति ने अपनी फेसबुक आईडी से 23 अक्टूबर को मैहर की केजेएस फैक्ट्री में आयोजित सनातन संवाद कार्यक्रम को लेकर जातिगत टिप्पणी की और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लिए कथित तौर पर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पोस्ट के माध्यम से पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने को लेकर भ्रामक खबर प्रसारित की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, सोशल मीडिया पर इस तरह की सामग्री सामने आने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। उन्होंने संबंधित पोस्ट को लेकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला जांच शुरू
शिकायत के आधार पर मैहर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) और 353(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। सोशल मीडिया पर धार्मिक और जातिगत विषयों को लेकर की गई टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे मामलों में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्ट की वास्तविक सामग्री, उसके संदर्भ और कानूनी पहलुओं की जांच जरूरी है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं और उनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



