CRIMEमध्य प्रदेशसतना

दो किसानों के घर में 15 लाख की चोरी बेटी की शादी के लिए जोड़ी थी जीवनभर की पूंजी

खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, परिवार सदमे में

सतना। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत तूमिन गांव में मंगलवार रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक ही रात में दो घरों को निशाना बना लिया। चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है जबकि पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित किसान फूलसिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी निकट भविष्य में होने वाली है। शादी की तैयारियों के लिए उन्होंने वर्षों की बचत फसल बेचकर जुटाई गई राशि और गहने घर में सुरक्षित रखे थे। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था लेकिन एक ही रात में चोर उनकी मेहनत की कमाई और बेटी के भविष्य से जुड़ी तैयारियां अपने साथ ले गए।

रात ढाई बजे खुली नींद, तब हुआ चोरी का पता
फूलसिंह के अनुसार मंगलवार देर रात करीब ढाई बजे उनकी नींद खुली। जब वह घर से बाहर निकलने लगे तो मुख्य दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद मिली। शक होने पर उन्होंने घर के पिछले हिस्से की ओर जाकर देखा तो दरवाजा और खिड़की टूटी हुई थी। अंदर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा मिला और बक्से टूटे हुए थे। चोर घर से एक छोटी पेटी उठा ले गए, जिसमें करीब तीन तोला सोने के जेवर, तीन पाव चांदी और लगभग ढाई लाख रुपये नकद रखे हुए थे। चोरी का पता चलते ही फूलसिंह ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

पड़ोसी के घर में भी सेंध
इसी दौरान सामने रहने वाले प्रभाकर सिंह ने भी अपने घर में चोरी होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी मां के करीब तीन तोला सोने और एक पाव चांदी के जेवरात के साथ पर्स में रखे छह हजार रुपये नकद गायब मिले। इससे स्पष्ट हो गया कि चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों घरों से चोरी किए गए बक्से गांव से करीब 100 मीटर दूर एक खेत में पड़े मिले। चोर जेवर और नकदी निकालने के बाद बक्सों को वहीं फेंककर फरार हो गए थे। पीड़ित परिवारों के मुताबिक दोनों घरों से चोरी हुए जेवरात और नकदी की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। गांव के लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी के सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पीड़ित किसान फूलसिंह का कहना है कि चोर उनकी जीवनभर की कमाई ले गए हैं। अब परिवार को पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की उम्मीद है ताकि बेटी की शादी की तैयारियां फिर से पटरी पर लौट सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button