दुल्हन बनने निकली थी घर से, अस्पताल के बेड पर पहुंची, गर्भवती युवती की प्रेम कहानी बनी खौफनाक वारदात…
शादी का झांसा देकर राजकोट ले गया प्रेमी, चलती ट्रेन से दिया धक्का, लिव-इन रिलेशनशिप के दौरान तीन माह की गर्भवती हो हुई युवती

सतना। पांच वर्षों तक चले प्रेम संबंध, शादी के वादे और साथ जीने-मरने की कसमें लेकिन आखिर में जो हुआ उसने एक युवती की जिंदगी को दर्द और आंसुओं से भर दिया। गुजरात के राजकोट में हुए रेल हादसे में गंभीर रूप से घायल सतना जिले की एक युवती ने अपने प्रेमी पर चलती ट्रेन से धक्का देकर जान से मारने की कोशिश करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी विनोद यादव उसे कोर्ट मैरिज का झांसा देकर राजकोट ले गया था लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल युवती प्रीतम यादव निवासी ग्राम करमऊ थाना रामपुर बघेलान वर्तमान में जिला अस्पताल सतना में उपचाररत है।डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि वह तीन माह की गर्भवती है, जिससे पूरा मामला और भी गंभीर हो गया है। पीड़िता के अनुसार उसका आरोपी युवक से पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे के साथ भविष्य बनाने के सपने देख रहे थे। लगभग तीन माह पहले दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे इसी दौरान वह गर्भवती हो गई।
कोर्ट मैरिज का सपना दिखाकर ले गया राजकोट
युवती का कहना है कि जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी विनोद ने भरोसा दिलाया कि दोनों गुजरात के राजकोट जाकर कोर्ट मैरिज कर लेंगे और वहीं नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे। पीड़िता ने बताया कि आरोपी के कहने पर वह 12 जून को सतना रेलवे स्टेशन से उसके साथ गुजरात के राजकोट के लिए रवाना हुई। पूरे सफर के दौरान उसे यही विश्वास था कि अब दोनों कानूनी रूप से पति-पत्नी बन जाएंगे। लेकिन राजकोट पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। युवती का आरोप है कि राजकोट पहुंचने के दौरान आरोपी ने अचानक उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। तेज रफ्तार ट्रेन से नीचे गिरने के कारण उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं। वह दर्द से तड़पती रही और किसी तरह हिम्मत जुटाकर आरोपी को फोन कर अपनी हालत की जानकारी दी। पीड़िता के अनुसार सूचना मिलने के बाद आरोपी उसे राजकोट के अस्पताल लेकर गया जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उसने युवती के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इलाज के बहाने सतना भेजा, फिर मोबाइल किया बंद
घटना की सूचना मिलते ही करमऊ गांव से युवती के परिजन राजकोट पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने जरूरी काम होने का बहाना बनाकर उसे परिजनों के साथ इलाज के लिए सतना भेज दिया। लेकिन सतना पहुंचने के बाद से आरोपी का मोबाइल फोन बंद है और उससे किसी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। जिला अस्पताल सतना में भर्ती युवती का उपचार जारी है। चिकित्सक उसकी चोटों के साथ-साथ गर्भ में पल रहे शिशु की भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि युवती शारीरिक पीड़ा के साथ-साथ मानसिक रूप से भी गहरे सदमे में है।
पीड़िता का बयान
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल युवती ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर राजकोट ले जाने और चलती ट्रेन से धक्का देकर जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। अभी आरोपी का पक्ष सामने नहीं आया है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। यदि पीड़िता के आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में कार्रवाई हो सकती है।



