मध्य प्रदेशसतना

छात्रावास में छात्रों को परोसा गया कीड़े वाला भोजन

नाराज छात्रों ने हंगामा कर मवेशियों को दी थाली, जांच के आदेश

सतना। जिले के कृपालपुर स्थित 100 सीटर पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में छात्रों को कथित तौर पर कीड़ों वाला भोजन परोसे जाने का मामला सामने आया है। भोजन की गुणवत्ता को लेकर नाराज छात्रों ने छात्रावास परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र भोजन में कीड़े होने का आरोप लगाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार छात्रावास में इन दिनों शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के तहत 45 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में शामिल छात्र छात्रावास में ही रह रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि उन्हें दिए गए भोजन में कीड़े पाए गए, जिससे उनकी सेहत पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता और छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
छात्रों का कहना है कि भोजन की व्यवस्था में लगातार लापरवाही बरती जा रही है और कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। घटना के बाद छात्रावास में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। छात्रों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। ओबीसी वर्ग के उप संचालक केके शुक्ला ने कहा कि छात्रों द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर हैं। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि शिकायत सही पाई जाती है तो छात्रावास अधीक्षक विनोद सिंह के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने छात्रावासों में छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button