मध्य प्रदेशसतना

क्या हुआ कैमरी पहाड़ में ऐसा, क्यों जान बचाकर भागी पुलिस…

सतना। कोटर क्षेत्र के कैमरी पहाड़ स्थित बैरिस्टर नगर में खनिज विभाग की टीम और पुलिस पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। निरीक्षण के लिए पहुंची खनिज विभाग की टीम को पहले भीड़ ने घेर लिया और बाद में मौके पर पहुंची डायल-112 पर भी पथराव कर दिया। घटना में पुलिसकर्मी और खनिज अधिकारी बाल-बाल बच गए। घटना शुक्रवार शाम की है। शनिवार को कोटर पुलिस ने 10 से 12 लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा, बलवा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कैमरी पहाड़ के पास करीब 56 एकड़ क्षेत्र में पत्थर की स्वीकृत खदान संचालित है। खदान संचालकों ने शुक्रवार को खनिज विभाग से शिकायत की थी कि कुछ लोग कब्जे की नीयत से खदान क्षेत्र में मंदिर का निर्माण करा रहे हैं। शिकायत मिलने पर खनिज विभाग की टीम मौके का निरीक्षण करने पहुंची, जहां बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने अधिकारियों का घेराव कर लिया। स्थिति बिगड़ने पर अधिकारियों ने पुलिस सहायता मांगी।

डायल-112 पहुंचते ही भड़की भीड़

सूचना मिलने पर डायल-112 वाहन से दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस खनिज विभाग और खदान संचालकों के साथ मिलीभगत कर लोगों को हटाने आई है। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और भीड़ ने डायल-112 वाहन को खदेड़ते हुए पथराव शुरू कर दिया। हालांकि पुलिसकर्मी और अधिकारी सुरक्षित निकलने में सफल रहे। इसके बाद और पुलिसकर्मी पहुंचे तो मामला शांत हुआ। कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, हंगामा करने और हमला करने की कोशिश के मामले में 10-12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन लोगों को भी आरोपी बनाया है, जो मोबाइल के माध्यम से भीड़ को उकसा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पथराव बच्चों से कराया गया। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकांश आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button