एक रहस्यमयी कॉल और तीन जिंदगियां लापता, गोदान एक्सप्रेस का अनसुलझा रहस्य
गोदान एक्सप्रेस में सफर के दौरान अचानक टूटा संपर्क, अज्ञात कॉलर ने कहा- “ट्रेन से गिर गई”, लेकिन कहीं नहीं मिला कोई सुराग

सतना। गोदान एक्सप्रेस में सफर कर रही 27 वर्षीय महिला और उसके दो मासूम बच्चों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली शेख आयशा साहिल अपनी 5 वर्षीय बेटी अमीना और डेढ़ वर्षीय बेटे शाद के साथ मुंबई जा रही थीं। लेकिन सतना रेलवे स्टेशन के बाद तीनों का ऐसा सुराग गायब हुआ कि परिजन और पुलिस दोनों हैरान हैं।
परिजनों के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे आयशा ने अपने पति को आखिरी बार फोन कर बताया था कि ट्रेन सतना स्टेशन पर खड़ी है। इसके कुछ समय बाद पति के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने दावा किया कि महिला ट्रेन से गिर गई है।
मामले को और रहस्यमय इसलिए माना जा रहा है क्योंकि मुंबई से गोरखपुर तक RPF, GRP और स्थानीय पुलिस को ऐसी किसी दुर्घटना की पुष्टि नहीं मिली है। न महिला का पता चला है और न ही दोनों बच्चों का।
जानकारी के अनुसार, आयशा के पति दुबई में नौकरी करते हैं। आयशा का मायका गोरखपुर में जबकि ससुराल मुंबई में है। वह बच्चों के साथ गोदान एक्सप्रेस से मुंबई जा रही थीं, लेकिन सतना और मैहर के बीच ऐसा क्या हुआ, यह अब सबसे बड़ा सवाल बन गया है।
परिजन लगातार तलाश में जुटे हैं और हर संभव माध्यम से जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं इस रहस्यमय गुमशुदगी ने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मुंबई RPF में शिकायत दर्ज हुई है आगे की जांच मुंबई RPF करेगी



