इंदौर की सोनम, पुणे की सिया के बाद सतना की सुनीता ने किया ये कांड, पति-पत्नी और वो की एक और खौफनाक दास्तान…

सतना। इंदौर की चर्चित सोनम रघुवंशी हत्याकांड और पुणे की सिया गोयल प्रकरण ने पूरे देश को झकझोर दिया था, जहां वैवाहिक रिश्तों के बीच पनपे प्रेम संबंधों ने एक परिवार को तबाह कर दिया। अब ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सतना जिले से सामने आया है, जहां एक पत्नी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। तीन माह तक लापता रहे युवक का कंकाल उसकी ससुराल के पास जमीन में दफन मिला और जांच की परतें खुलीं तो प्रेम प्रसंग, हत्या और शव छिपाने की पूरी कहानी सामने आ गई। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के मोहार टोला भगदेवरा निवासी विपिन कुमार यादव का है। विपिन 26 मार्च 2026 को अपनी पत्नी से मिलने रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव स्थित ससुराल गया था। इसके बाद वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद 28 मार्च को रामपुर बाघेलान थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन कई सप्ताह तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शादी के बाद भी जारी रहा प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि विपिन की पत्नी आंचल यादव और टीकर गांव निवासी सुनील कुशवाहा के बीच विवाह से पहले से प्रेम संबंध थे। शादी के बाद भी दोनों लगातार संपर्क में थे। जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड से पता चला कि दोनों दिन में कई-कई बार फोन पर बातचीत करते थे। पुलिस को संदेह हुआ कि विपिन के लापता होने के पीछे यही संबंध बड़ी वजह हो सकते हैं। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि 25 मार्च को सुनील कुशवाहा विपिन के घर पहुंचा था और रात वहीं रुका था। अगले दिन वह विपिन को घुमाने के बहाने अपने साथ टीकर गांव ले गया। पुलिस के अनुसार वहीं पर हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया।
शराब पार्टी के बाद हुई हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि टीकर गांव में सुनील कुशवाहा और उसके साथी संदीप बहरोलिया ने विपिन के साथ शराब पी। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद शव को सबूत मिटाने के उद्देश्य से पहले एक कुएं में फेंक दिया गया। कुछ समय बाद जब पुलिस का दबाव बढ़ा और पूछताछ तेज हुई तो आरोपियों ने शव को कुएं से निकाल लिया। इसके बाद शव को गांव के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर जमीन में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
तीन माह बाद खुला हत्या का राज
रामपुर बाघेलान पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच गोविंदगढ़ पुलिस ने एक अन्य मामले में सुनील कुशवाहा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसके बयान संदिग्ध लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने विपिन की हत्या और शव दफनाने की बात स्वीकार कर ली। पहले आरोपी ने पुलिस को गलत जगह बताकर गुमराह करने की कोशिश की लेकिन बाद में सही स्थान की निशानदेही की। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में खुदाई कराई गई, जहां से जमीन के भीतर दबा मानव कंकाल बरामद हुआ। कंकाल के साथ मिले कपड़ों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान विपिन यादव के रूप में की।
कॉल डिटेल बनी सबसे बड़ा सबूत
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी और सुनील कुशवाहा की कॉल डिटेल खंगाली। रिकॉर्ड में दोनों के बीच लगातार संपर्क सामने आया। पुलिस को आशंका है कि हत्या की पूरी योजना फोन पर ही बनाई गई थी। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य प्रमाणों ने पुलिस की आशंकाओं को मजबूत किया।
पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
मामले में पुलिस ने सुनील कुशवाहा 20 वर्ष निवासी ग्राम टीकर थाना गोविंदगढ़ जिला रीवा तथा सुनीता यादव 20 वर्ष निवासी भगदेवरा मौहार टोला थाना रामपुर बाघेलान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, हत्या में कथित रूप से शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपी और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
पूरे विंध्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना मामला
तीन माह तक लापता रहे युवक का कंकाल ससुराल के पास जमीन में दफन मिलने, प्रेम प्रसंग में हत्या की साजिश और फिर शव को ठिकाने लगाने की कहानी ने पूरे सतना और रीवा जिले को झकझोर दिया है। इंदौर के सोनम रघुवंशी और पुणे के सिया गोयल जैसे चर्चित मामलों की तरह यह घटना भी इस बात की भयावह मिसाल बन गई है कि अवैध संबंधों की आड़ में किस तरह एक युवक की जान ले ली गई और सच को महीनों तक जमीन के नीचे दफन रखने की कोशिश की गई। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में अभी और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।



