खेल

अफगानिस्तान को रौंदकर सुपर-8 में भारत का सुपरहिट आगाज

बारबाडोस

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 धमाकेदार जीत के साथ आगाज किया है. वेस्टइंडीज में खेले जा रहे सुपर-8 में गुरुवार (20 जून) को अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला हुआ, जिसे भारतीय टीम ने 47 रनों से जीत लिया.

सुपर-8 राउंड में दोनों टीमों का यह अपना पहला मुकाबला था. अब भारतीय टीम को अपना अगला मुकाबला 22 जून को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है. यह मुकाबला एंटीगुआ में खेला जाएगा. जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ पहला मैच बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाउन के केनिंग्सटन ओवल मैदान पर हुआ.

भारतीय गेंदबाजों के आगे अफगानिस्तान टीम ढेर

मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 182 रनों का टारगेट दिया. जवाब में अफगानिस्तानी टीम 134 रनों पर ढेर हो गई और मैच गंवा दिया. इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने धांसू प्रदर्शन किया, खासकर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने. 

अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह उमरजई ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए. इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रनों का आंकड़ा नहीं छू सका. जबकि भारतीय टीम के लिए बुमराह और अर्शदीप सिंह ने 3-3 विकेट झटके. कुलदीप यादव को 2 सफलताएं मिलीं. अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा ने भी 1-1 विकेट लिया.

अफगानिस्तान टीम का स्कोरकार्ड: (134 रन, 20 ओवर)

बल्लेबाजरन बनाएगेंदबाजविकेट पतन
रहमानुल्लाह गुरबाजऋषभ पंत ने कैच लिया11जसप्रीत बुमराह1-13
इब्राहिम जादरानरोहित ने कैच लिया8अक्षर पटेल2-23
हजरतुल्लाह जजईजडेजा ने कैच लिया2जसप्रीत बुमराह3-23
गुलबदीन नाइबऋषभ पंत ने कैच लिया17कुलदीप यादव4-67
अजमतुल्लाह उमरजईअक्षर पटेल ने कैच लिया26रवींद्र जडेजा5-71
नजीबुल्लाह जादरानअर्शदीप ने कैच लिया19रवींद्र जडेजा6-102
मोहम्मद नबीजडेजा ने कैच लिया14कुलदीप यादव7-114
राशीद खानजडेजा ने कैच लिया2अर्शदीप सिंह8-121
नवीन उल हकऋषभ पंत ने कैच लिया0अर्शदीप सिंह9-121
नूर अहमदरोहित ने कैच लिया12अर्शदीप सिंह10-134

सूर्या की लगातार दूसरी फिफ्टी, पंड्या का भी जलवा

मैच में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी. टीम ने 11 रनों पर रोहित शर्मा (8) के रूप में पहला विकेट गंवाया. इसके बाद ऋषभ पंत (20) और विराट कोहली (24) ने टीम को थोड़ा संभाला. मगर एक बार फिर टीम 90 रनों पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही थी.

इसके बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या ने मोर्चा संभाला. दोनों के बीच 37 गेंदों पर 60 रनों की पार्टनरशिप हुई. सूर्या ने 27 गेंदों पर अपनी लगातार दूसरी फिफ्टी जड़ी. वो 28 गेंदों पर 53 रन बनाकर आउट हुए. सूर्या ने 3 छक्के और 5 चौके जमाए. उनका स्ट्राइक रेट 189.28 का रहा.

जबकि पंड्या ने 24 गेंदों पर 32 रन बनाए. उन्होंने 2 छक्के और 3 चौके जमाए. इन पारियों के बदौलत भारतीय टीम ने 8 विकेट गंवाकर 181 रन बनाए. दूसरी ओर अफगानिस्तान के लिए कप्तान राशीद खान और फजलहक फारूकी ने 3-3 विकेट अपने नाम किए. जबकि नवीन उल हक को 1 सफलता मिली.

बता दें कि इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया. उन्होंने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर कर स्पिनर कुलदीप यादव को मौका दिया. इस वर्ल्ड कप में कुलदीप का यह पहला मैच है. जबकि सिराज ने पिछले 3 मैचों में सिर्फ 1 विकेट लिया था.

भारतीय टीम का स्कोरकार्ड: (181/8, 20 ओवर)

बल्लेबाजरन बनाएगेंदबाजविकेट पतन
रोहित शर्माराशीद ने कैच लिया8फजलहक फारूकी1-11
ऋषभ पंतLBW आउट20राशीद खान2-54
विराट कोहलीनबी ने कैच लिया24राशीद खान3-62
शिवम दुबेLBW आउट10राशीद खान4-90
सूर्यकुमार यादवनबी ने कैच लिया53फजलहक फारूकी5-150
हार्दिक पंड्याअजमतुल्लाह ने कैच लिया32नवीन उल हक6-159
रवींद्र जडेजानाइब ने कैच लिया7फजलहक फारूकी7-165
अक्षर पटेलगुरबाज/नवीन ने रनआउट किया12रनआउट8-181

भारत ने अब तक टूर्नामेंट में कोई मैच नहीं गंवाया

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप के पहले राउंड यानी ग्रुप स्टेज में अपना एक भी मैच नहीं गंवाया था. उसने 4 में से 3 मैच जीते और एक बारिश से धुल गया था. अब सुपर-8 राउंड का पहला मैच भी जीत लिया है. जबकि अफगानिस्तान टीम ने 4 में से 3 मैच जीते और 1 गंवाया था. उसने लगातार दूसरा मैच गंवाया है. अफगानिस्तान ने ग्रुप स्टेज में न्यूजीलैंड जैसी टीम को 84 रनों से हराया था. 

ब्रिजटाउन में भारत ने पहला टी20 मैच जीता

बता दें कि भारतीय टीम के लिए यह मैदान बेहद अनलकी रहा है. उसने इस मैदान पर यह पहला टी20 मुकाबला जीता है. इससे पहले भारतीय टीम ने इस मैदान पर 2 टी20 मुकाबले खेले थे और दोनों में हार मिली थी. यह दोनों मुकाबले मई 2010 में खेले थे.

टी20 में भारत-अफगान के बीच हेड-टु-हेड

कुल टी20 मैच: 9
भारत जीता: 8
अफगानिस्तान जीता: 0
बेनतीजा: 1

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button