देश

राम भक्तों के लिए एक और खुशखबरी, अब हिमाचल प्रदेश के अम्ब अंदौरा से अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना

नई दिल्ली

राम भक्तों के लिए एक और खुशखबरी है। अब हिमाचल प्रदेश के अम्ब अंदौरा से अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना हुई है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को इस आस्था ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। अयोध्या के लिए सुबह 6 बजे रवाना हुई विशेष आस्था एक्सप्रेस ट्रेन में 1,074 श्रद्धालु सवार हुए। राम मंदिर में श्री रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या जा रहे हैं। ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि 500 साल की प्रार्थना और इंतजार के बाद अयोध्या में भव्य मंदिर बना है जिसे देखने के लिए दुनिया भर से श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।

सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा, 'भगवान राम के दर्शन के लिए लोगों में काफी उत्साह है और हर कोई अयोध्या धाम जाकर रामलला के दर्शन करने को उत्सुक है। हमारी पीढ़ी भाग्यशाली है जिसने न केवल राम मंदिर आंदोलन देखा है बल्कि अयोध्या में दिव्य–भव्य राम मंदिर को बनते भी देखा है।' इस ट्रेन के लिए यात्रियों से किराए के रूप में 1,500 रुपये वसूल किए गए और यह ट्रेन 19 घंटे का सफर तय कर अयोध्या रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।

जानें इस स्पेशन ट्रेन की टाइमिंग

यह स्पेशल ट्रेन 6 फरवरी को दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर अयोध्या से रवाना होगी और 7 फरवरी को शाम सात बजकर 40 मिनट पर अम्ब अंदौरा रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला इकाई के सचिव राज कुमार पठानिया ने कहा कि कांगड़ा, शिमला और मंडी संसदीय क्षेत्रों से तीर्थयात्रियों को अयोध्या ले जाने के लिए अलग–अलग ट्रेन प्रस्तावित हैं। सोमवार को अयोध्या के लिए रवाना हुए श्रद्धालु हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के थे। श्रद्धालुओं ने अपनी अयोध्या यात्रा को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वे लोग अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रामलला का दर्शन करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button