CRIMEमध्य प्रदेशसतना

सतना पुलिस कब निकालेगी इसका जुलूस?

जमानत पर जेल से बाहर आते ही सड़क पर दबंगई, साथियों के साथ निकाला शक्ति प्रदर्शन का जुलूस...

सतना। हत्या जैसे गंभीर मामले में करीब 14 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए आरोपी मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल के तेवर देखकर ऐसा लग रहा है मानो कानून का उसे कोई खौफ ही नहीं है। मंगलवार देर शाम जेल से रिहा होते ही उसके समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और फिर बाइक व चारपहिया वाहनों के काफिले के साथ शहर की सड़कों पर हुड़दंग मचाते हुए जुलूस निकाला। आरोपी कभी जीप के बोनट पर बैठकर सिगरेट का धुआं उड़ाता नजर आया तो कभी समर्थकों के बीच शक्ति प्रदर्शन करता दिखाई दिया। तेज आवाज में फिल्मी गाने, बाइक रैली और सड़क पर खुलेआम दबंगई का यह नजारा बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जिस आरोपी पर 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है, वह जमानत पर बाहर आते ही इस अंदाज में सड़कों पर निकला, मानो कानून और पुलिस का कोई डर ही न हो। सवाल यह है कि क्या जमानत मिलने का मतलब कानून को ताक पर रखकर सड़कों पर हुड़दंग मचाने की खुली छूट है? शहर के व्यस्त मार्गों पर इस तरह का शक्ति प्रदर्शन होता रहा और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी या फिर पुलिस ने इसे नजरअंदाज कर दिया?

गौरतलब है कि 4 सितंबर 2025 को बिरला रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास पुराने विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला के सीने में गोली मार दी गई थी। इस मामले में बेटू सिंगरौल सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। करीब 14 महीने बाद जमानत पर रिहा हुए आरोपी का यह वीडियो अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

आरोपी ने तो अपने साथियों के साथ जुलूस निकालकर खुलेआम शक्ति प्रदर्शन कर लिया, अब सवाल सतना पुलिस से है कि वह कब जागेगी? सड़क पर हुड़दंग मचाने और कानून को चुनौती देने वाले इस आरोपी का जुलूस आखिर कब निकलेगा? क्या पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करेगी या फिर ऐसे ही दबंगई का तमाशा देखती रहेगी?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button