सावधान! दीवाली में भर-भर कर सतना लाई जा रही यूपी की घटिया मिठाई…

सतना। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार शाम कानपुर से कल्पना बस सर्विस की बस क्रमांक एमपी 07 जेडवी 3777 से सतना पहुंची 3.5 क्विंटल से अधिक मिठाई खाद्य विभाग ने जब्त की है। जब्त सामग्री में करीब ढाई क्विंटल मिल्क केक और एक क्विंटल बर्फी के साथ बूंदी के लड्डू शामिल है। प्रारंभिक जांच में मिल्क केक पूरी तरह अमानक पाया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक इसे दूध से तैयार करने के बजाय पाम ऑयल, सूजी, फैट और अन्य सामग्री मिलाकर बनाया गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों की खपत बढ़ने के कारण स्थानीय विक्रेता दूसरे शहरों से भी बड़ी मात्रा में मिठाइयां मंगवाते हैं। बाहर से आने वाली खाद्य सामग्री में मिलावट और गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने निगरानी बढ़ाई थी। इसी दौरान कानपुर से सतना पहुंची मिठाइयों की खेप को जांच के लिए रोका गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जब्त मिल्क केक में दूध के बजाय पाम ऑयल, सूजी, फैट समेत अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। अधिकारियों के अनुसार इस तरह का मिल्क केक कम लागत में तैयार हो जाता है और सस्ते दामों पर बाजार में उपलब्ध कराया जाता है। मुनाफे के लिए इस तरह की सामग्री ग्राहकों को बेचे जाने की आशंका है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
एक क्विंटल बर्फी भी संदेह के घेरे में
कार्रवाई के दौरान एक क्विंटल बर्फी भी जब्त की गई। अधिकारियों के अनुसार बर्फी को डीप फ्रीजर में रखा गया था, लेकिन परिवहन के दौरान सामान्य तापमान में सतना लाया गया। इससे उसकी गुणवत्ता और खाने योग्य होने पर संदेह पैदा हुआ। इसके अलावा पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट भी दर्ज नहीं मिली। इन अनियमितताओं के चलते विभाग ने बर्फी को भी जब्त कर लिया।
गोपाल डेयरी से सप्लाई, स्थानीय व्यापारियों की भी होगी जांच
खाद्य विभाग को मिठाइयों की खेप के साथ कुछ बिल भी मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मिल्क केक की सप्लाई कानपुर की गोपाल डेयरी से की गई थी। बिलों में सप्लायर के साथ मिठाई का ऑर्डर देने वाले स्थानीय व्यापारियों के नाम भी दर्ज हैं। विभाग अब संबंधित सप्लायर और व्यापारियों को तलब कर पूछताछ करेगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी मात्रा में मिठाई किसके लिए मंगाई गई थी और इसे सतना में कहां खपाया जाना था। अधिकारियों ने बताया कि जब्त मिठाइयों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। लैब रिपोर्ट के आधार पर संबंधित सप्लायर और कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन में बाहर से आने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर हुई इस कार्रवाई ने बाजार में बिक रही खाद्य सामग्री की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



