मैहर में बनेगा बागेश्वर शक्ति मठ, आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने की सनातन सभा में घोषणा…

मैहर। बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने केजेएस सीमेंट परिसर में आयोजित बृहद “सनातन संवाद” सभा में अपने प्रवचन के दौरान मैहर में बालाजी बागेश्वर शक्ति मठ का निर्माण होने की घोषणा की।
“अब हम भी मैहर वाले होने वाले हैं” कहते हुए सुबह सुप्रसिद्ध संत आचार्य श्री शास्त्री ने कहा कि उन्होंने केजेएस सीमेन्ट के अध्यक्ष पवन अहलूवालिया जी एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नलिन खेतान जी के सुझाव पर विचार किया और यहीं पर शक्ति मठ बनाने का फैसला लिया है। इस मठ से सनातन धर्म और हिंदू संस्कृति का प्रचार-प्रसार एवं संरक्षण का कार्य किया जाएगा ।
बागेश्वर बाबा के रूप में मशहूर श्री शास्त्री का आज का प्रवचन मां विषय पर केन्द्रित रहा । उन्होंने कहा – मंदिर में बैठी मां को यदि प्रसन्न करना हो तो पहले घर में बैठी मां को प्रसन्न करो। घर में बैठी अपनी मां के दर्शन किया करो। जिस मां ने जन्म दिया उसकी भी थोड़ी सेवा कर लेना। पूरी दुनिया जब तुम्हारे ऊपर हंस रही होती है तब केवल मां ही होती है जो तुम्हारे लिए प्रार्थना कर रही होती है। 
श्री शास्त्री ने कहा कि आजकल तो कई बार देखने सुनने में आता है कि मंदिर में बैठी मां को तो पूज रहे पर घर में बैठी मां को पीट रहे। मां के दर्शन करने मंदिर जाते हैं और फिर मां के नाम की गाली देते हैं।
उन्होंने कहा कि मैहर भक्ति और शक्ति की नगरी है । केजेएस के संस्थापक पवन अहलूवालिया की कर्मभूमि ऐसी जगह है, जहां स्वयं शक्ति विराजमान हैं । हजारों की तादाद में उपस्थित भक्तों को मंत्र मुग्ध करते हुए उन्होंने भजन गाया- भजन कर भरी जवानी में बुढ़ापा किसने देखा है।
बाबा की आज की धार्मिक सभा में मैहर मंदिर के पुजारी बम बम महाराज सहित अनेक राजनेता भी उपस्थित थे जिनमें उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, कैबिनेट मंत्री विजय शाह, सांसद गणेश सिंह, अमरपाटन विधायक राजेंद्र कुमार सिंह एवं मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी प्रमुख थे । उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला एवं सांसद गणेश सिंह ने सभा को संबोधित भी किया और सनातन धर्म के लिए लगन के साथ काम करने के लिए संत धीरेंद्र शास्त्री की मुक्त कंठ से सराहना की । मैहर नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी एवं जिला कलेक्टर विदिशा मुखर्जी एवं अन्य कई पुलिस अधिकारी गण भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
उद्योगपति पवन अहलूवालिया ने उपस्थित समुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में श्री शास्त्री ने केजेएस सीमेन्ट के तीन नए ब्रांडों को लोकार्पित भी किया। धार्मिक सभा के समापन में सैकड़ों ड्रोन मैहर के आकाश में सितारों की महफिल बने। ड्रोनों का इस तरह का प्रदर्शन विन्ध्य क्षेत्र में पहला था।



