रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ बढ़ने लगी है। इसी बीच सतना शहर में महिला चोर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका ने दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है। हनुमान चौक स्थित साईं ड्रेसेस की दुकान में दिनदहाड़े तीन महिलाओं द्वारा कथित रूप से सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं बेहद शातिराना तरीके से दुकान में चोरी करती नजर आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक तीन महिलाएं ग्राहक बनकर साईं ड्रेसेस पहुंचीं। महिलाओं ने सामान्य ग्राहकों की तरह कपड़े देखने शुरू किए। इसी दौरान उन्होंने दुकानदार और दुकान में मौजूद कर्मचारियों का ध्यान सामान देखने में उलझाए रखा। आरोप है कि इसी दौरान चोरी किया गया सामान लेकर एक महिला गाड़ी देखने के बहाने दुकान से बाहर निकल गई, जबकि उसकी दो सहयोगी महिलाएं भी कथित रूप से सामान चोरी कर बारी-बारी से वहां से निकल गईं। कुछ देर बाद दुकानदार को सामान कम होने का संदेह हुआ। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो पूरी घटना सामने आ गई। इस घटना में सबसे खास बात यह है कि महिलाओं का हुलिया और पहनावा देखकर पहली नजर में किसी को भी उनके चोर गिरोह से जुड़े होने का शक नहीं होता। महिलाएं सामान्य और संभ्रांत परिवारों की महिलाओं जैसी नजर आती हैं। इसी का फायदा उठाकर वे दुकानों में ग्राहक बनकर दाखिल होती हैं और मौका मिलते ही सामान पार कर देती हैं। व्यापारियों ने पुलिस से ऐसे मामलों में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है वहीं पुलिस फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने में जुटी हुई है।