पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी की स्मृति में निकली भव्य कांवड़ यात्रा
सावन के अंतिम सोमवार को सतना में उमड़ा शिवभक्ति का जनसैलाब, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी समेत हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

सतना। सावन के अंतिम सोमवार को शहर में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पूर्व विधायक स्वर्गीय शंकरलाल तिवारी की स्मृति में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी समेत हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हाथों में सजी कांवड़ और गंगाजल लेकर श्रद्धालु हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। कांवड़ यात्रा के दौरान पूरा शहर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ सुभाष पार्क में धार्मिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं का कारवां शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होते हुए जगतदेव तालाब के लिए रवाना हुआ। यात्रा में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साह के साथ शामिल हुए। मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और वातावरण लगातार शिवभक्ति के जयघोष से गूंजता रहा।
जगह-जगह हुआ कांवड़ियों का स्वागत
यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई, वहीं श्रद्धालुओं के लिए फलाहार और शीतल जल की व्यवस्था भी की गई। ढोल-नगाड़ों और डमरू की थाप के बीच कांवड़िए भक्ति में झूमते हुए आगे बढ़ते रहे।
तांडव नृत्य ने मोहा मन
कांवड़ यात्रा में शिव-पार्वती के स्वरूप में कलाकारों की तांडव नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। जीवंत अभिनय और प्रभावशाली भाव-भंगिमाओं ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान तालियों और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। कई श्रद्धालु इस दृश्य को मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
जगतदेव तालाब में किया जलाभिषेक
गंगाजल लेकर कांवड़िए जगतदेव तालाब स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। सावन के अंतिम सोमवार के चलते शहर के अन्य शिवालयों में भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। जलाभिषेक और महाआरती के साथ कांवड़ यात्रा का शांतिपूर्ण समापन हुआ।हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व यातायात के व्यापक इंतजाम किए। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यक रूट डायवर्जन किया गया।




