CRIMEमध्य प्रदेशसतना

पत्नी को स्टेशन छोड़ने गए तहसीलदार, पीछे से टूट गया घर का ताला…

सतना। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पेप्टेक सिटी में चोरों ने एक तहसीलदार के मकान को निशाना बनाकर नकदी और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। वारदात उस समय हुई जब तहसीलदार अपनी पत्नी को कार से रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। करीब एक घंटे के भीतर चोरों ने मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से लोड़ी थाना जयसिंहनगर जिला शहडोल निवासी रमेश प्रसाद कोल रामपुर बाघेलान तहसील में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं और पेप्टेक सिटी के मकान नंबर 344 में पत्नी के साथ रहते हैं। बताया गया कि गुरुवार रात करीब 3:35 बजे तहसीलदार मकान के मुख्य गेट पर ताला लगाकर पत्नी को कार से रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। स्टेशन से करीब 4:40 बजे वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद और चांदी के चार-पांच सिक्के गायब मिले। वारदात की सूचना तत्काल डॉयल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पेप्टेक सिटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है।

पहले से रेकी की आशंका
पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहले से ही पेप्टेक सिटी के आसपास मौजूद था। उसने तहसीलदार को पत्नी के साथ घर से बाहर जाते हुए देखा होगा और मौका मिलते ही मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गया। साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस बात की जानकारी बदमाशों को पहले से रही होगी। कम समय में चोरी की वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के समय कॉलोनी में कौन-कौन लोग मौजूद थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button