मध्य प्रदेशसतना

प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में कोंग्रेस नेता का अनोखा प्रदर्शन, SDM कोर्ट में लगाया बिस्तर…

सतना। जिले के मझगवां अनुविभाग अंतर्गत बिरसिंहपुर तहसील में गुरुवार को प्रशासनिक लापरवाही का अनोखा विरोध देखने को मिला। किसानों की सुनवाई के लिए निर्धारित समय पर एसडीएम, बाबू और चपरासी के कार्यालय नहीं पहुंचने से नाराज कांग्रेस नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य संतोष तिवारी ने तहसील परिसर में बिस्तर लगाकर आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार प्रत्येक गुरुवार को बिरसिंहपुर तहसील में एसडीएम द्वारा किसानों एवं आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई का समय निर्धारित है। इस भरोसे पर दूर-दराज के गांवों से कई किसान और आवेदक अपनी समस्याएं लेकर तहसील पहुंचे थे। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी एसडीएम के साथ-साथ कार्यालय का बाबू और चपरासी भी नहीं पहुंचे। इससे घंटों तक लोग परेशान होकर अधिकारियों का इंतजार करते रहे।

प्रशासनिक उदासीनता से नाराज संतोष तिवारी ने तहसील कार्यालय के भीतर ही बिस्तर बिछाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि जब अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंच सकते तो आम लोगों को बार-बार बुलाकर परेशान करना उचित नहीं है। किसानों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं, जबकि उनकी समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है।

फिर पहुंचे तहसीलदार

जैसे ही आंदोलन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार डॉ. शैलेन्द्र बिहारी शर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और आंदोलन कर रहे संतोष तिवारी से चर्चा की। उन्होंने किसानों की समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया और मौजूद लोगों की सुनवाई शुरू कराई। इसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ।
घटना के बाद तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अधिकारियों की जनसुनवाई तय समय पर नहीं होगी तो शासन की मंशा पर सवाल उठेंगे। लोगों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button