कलेक्ट्रेट में एसडीएम सिटी ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर कर्मचारियों पर की चलानी कार्रवाई

सतना। सर गेट तक जा रहा हूं, मेरे पास हेलमेट है, प्लीज चालान न करिए कुछ इसी तरह की बातों से कलेक्ट्रेट का पार्किंग परिसर गुरुवार को गूंजता रहा। दरअसल एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने कलेक्टर कार्यालय पर ही दो पहिया वाहनों की चेकिंग लगा दी। यह चेकिंग चालान से ज्यादा लोगों को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करने वाली थी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन से कार्यालय पहुंचे कर्मचारियों और आगंतुकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई, जबकि हेलमेट पहनकर आने वाले वाहन चालकों को सम्मानित किया गया। अभियान के तहत सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए लोगों को हेलमेट के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही जागरूकता बढ़ाने के लिए वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में जीवन बचाने का सबसे प्रभावी सुरक्षा उपकरण है।
अभियान में एसडीएम रघुराज नगर राहुल सिलाडिया, ट्रैफिक डीएसपी पूनम रावत, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर रामदेवी राय सहित यातायात विभाग का मैदानी अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं।



