मध्य प्रदेशसतना

सड़क और राजस्व ग्राम की मांग पर बौलिहा में भूख हड़ताल, छात्रों-ग्रामीणों का धरना

सतना। रैगांव विधानसभा क्षेत्र के बौलिहा गांव में सड़क, शिक्षा और राजस्व ग्राम का दर्जा जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। करीब एक हजार से अधिक आबादी वाले इस गांव के लोगों का आरोप है कि वर्षों से मांग उठाने के बावजूद प्रशासन ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया। अब अपनी आवाज बुलंद करने के लिए जनपद सदस्य प्रतिनिधि उपेंद्र शुक्ला ने जहां भूख हड़ताल शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने धरना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार बौलिहा को आज तक राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं मिल सका है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हैं। सबसे बड़ी समस्या बौलिहा से करसरा तक जाने वाले मुख्य मार्ग की है। यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बरसात के दिनों में मार्ग पर आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, मरीजों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय पहुंचने के लिए बच्चों को खराब सड़क और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। उनका आरोप है कि प्रशासन इन कठिनाइयों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। यही कारण है कि अब छात्र और ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हैं।

अल्टिमेटम के बाद भी सुनवाई नहीं
समाजसेवी एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि उपेंद्र शुक्ला ने बताया कि 7 जुलाई को कलेक्टर की जनसुनवाई में गांव की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में 27 जुलाई से करसरा-सेमरिया मार्ग पर ग्रामीणों के साथ शांतिपूर्ण भूख हड़ताल पर हूं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से करसरा हायर सेकेंडरी विद्यालय के लिए पर्याप्त भवन उपलब्ध कराने, करसरा से बौलिहा तक मुख्य सड़क का शीघ्र निर्माण कराने, विद्यालय में नियमित प्राचार्य की नियुक्ति करने तथा प्राथमिक शाला बौलिहा को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका मानना है कि बुनियादी सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और इन्हें पाने के लिए अब वे शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

बाइट: उपेन्द्र शुक्ला जनपद सदस्य प्रतिनिधि
बाइट: प्रियंका सिंह छात्रा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button