मध्य प्रदेशसतना

कीचड़ से सना रास्ता कैसे जाएं स्कूल…

40 साल से सड़क को तरस रहे ग्रामीण: 800 मीटर कच्ची सड़क, स्कूल जाने वाले छात्र परेशान, जनसुनवाई में कलेक्टर से लगाई पक्की सड़क बनाने की गुहार

सतना। नागौद विकासखंड की ग्राम पंचायत छीदा की नई बस्ती के ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित सड़क निर्माण नहीं होने से परेशान हैं। गांव तक पहुंचने वाला लगभग 800 मीटर लंबा मार्ग पिछले करीब 40 वर्षों से कच्चा है, जिससे बरसात के दिनों में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।खास तौर पर स्कूली बच्चों को दिक्कतें होती हैं।

ग्रामीण पुष्पेंद्र रावत एवं अन्य ग्रामवासियों ने बताया कि नई बस्ती छीदा तक जाने वाली गलीनुमा सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढों से भरी हुई है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं और स्कूली बच्चों, बुजुर्गों तथा मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि गांव के सरपंच का कहना है कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्य शुरू नहीं कराया गया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए कई बार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

 

आवेदन में यह भी कहा गया है कि सड़क निर्माण को लेकर न तो जनप्रतिनिधियों ने गंभीरता दिखाई और न ही संबंधित अधिकारियों ने समस्या का स्थायी समाधान किया। इससे ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बनी हुई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि नई बस्ती छीदा को ग्राम पड़रिया से जोड़ने वाली लगभग 800 मीटर लंबी कच्ची सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन की सुरक्षित और बेहतर सुविधा मिल सके तथा बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button