CRIMEमध्य प्रदेशसतना

क्या बाघ का शिकार हो गया 9 वर्षीय नितिन? कई टुकड़ों में मिला शव…

हत्या या जंगली जानवर के हमले की गुत्थी में उलझी जांच

सतना। जिले के मझगवां थाना क्षेत्र स्थित पिंडरा गांव में 9 वर्षीय मासूम नितिन यादव की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बुधवार शाम घर से हैंडपंप पर हाथ-पैर धोने की बात कहकर निकला नितिन फिर कभी वापस नहीं लौटा। अगले दिन गुरुवार शाम उसका क्षत-विक्षत शव घर से महज 400 मीटर दूर जंगल की झाड़ियों में मिला। शव की हालत इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार शव के आसपास करीब 10 मीटर के दायरे में बालक का सिर, एक हाथ और एक पैर अलग-अलग पड़े मिले, जबकि धड़ का अधिकांश हिस्सा और दूसरा पैर गायब था। इस वीभत्स दृश्य ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है लेकिन परिजन इसे पुरानी रंजिश से जोड़ते हुए हत्या का मामला बता रहे हैं। उनका आरोप है कि नितिन का पहले अपहरण कर उसकी हत्या की गई और बाद में शव जंगल में फेंक दिया गया जहां जंगली जानवरों ने उसे नोच डाला। एसडीओपी चित्रकूट राजेश बंजारे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। वन अधिकारियों ने प्रारंभिक निरीक्षण में बाघ या तेंदुए जैसे किसी बड़े जंगली जानवर के हमले की संभावना जताई है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हत्या सहित हर पहलू की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।
हैंडपंप जाने निकला था, फिर नहीं लौटा
बुधवार शाम करीब छह बजे नितिन घर से यह कहकर निकला था कि वह गांव के हैंडपंप पर हाथ-पैर धोने जा रहा है। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में मझगवां थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रात में आसपास के कुओं और संभावित स्थानों पर खोजबीन की। गुरुवार सुबह डॉग स्क्वॉड, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीम के साथ जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घंटों की तलाश के बाद देर शाम झाड़ियों में मासूम का शव मिला।
डॉक्टरों के पैनल से होगा पोस्टमार्टम
मामले की गंभीरता को देखते हुए आज मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नितिन की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। मासूम की असमय और दर्दनाक मौत से पूरा पिंडरा गांव शोक में डूबा हुआ है। हर आंख नम है और हर जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल है, आखिर नितिन के साथ हुआ क्या था? अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं जो इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने ला सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button