मध्य प्रदेशसतना

राममन्दिर के बाद एमपी के इस मंदिर से चढ़ावा चोरी

परसमनियां पहाड़ में स्थापित प्राचीन सत्य माता मंदिर को अज्ञात लोगों ने बनाया निशाना चांदी का छत्र, मुकुट और दानराशि ले उड़े बदमाश

सतना। भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था जिसे तमाम विदेशी आक्रांताओं ने लूटा। लूट का यह क्रम अभी भी जारी है, फर्क सिर्फ इतना है कि विदेशी आक्रांता नहीं बल्कि हमारे- आपके बीच में ही रह रहे अपराधी यह काम कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से आस्था के स्थल बदमाशोंं के निशाने पर हैं। अयोध्या में भगवान राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद से लगातार मिलते-जुलते अपराध सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसमनिया चौकी के पटिहट गांव स्थित परसमनियां पहाड़ के प्राचीन सत्य माता मंदिर में सामने आया। सोमवार- मंगलवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चांदी का छत्र, चांदी का मुकुट तथा दानपेटी में रखी नकदी चोरी कर ली। घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो माता रानी का चांदी का छत्र और मुकुट गायब था। वहीं दानपेटी को भी तोड़ दिया गया था और उसमें रखी नकदी चोर ले गए। इसके बाद तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पुलिस पहुंची

घटना की जानकारी मिलने पर परसमनिया चौकी प्रभारी संतोष सिंह धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने के साथ ही साइबर सेल और डॉग स्क्वाड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया है। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की जानकारी भी जुटा रही है तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही समीप स्थित रामपुर पाठा के एक मंदिर में भी चोर चांदी का मुकुट, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए थे। एक माह के भीतर धार्मिक स्थलों पर चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

किराना दुकान में भी लगाई थी सेंध

प्राथमिक जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मंदिर के समीप स्थित एक किराना दुकान में भी चोरों ने सेंध लगाकर नकदी और कुछ सामान चोरी कर लिया। इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button