मध्य प्रदेशसतना

सिंचाई की नहर बनी आफत: बरसात का पानी खेतों में हुआ जमा, सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूबी

बरगी बांध नहर परियोजना से बाधित हुई जल निकासी, ग्राम बण्डी के किसानों ने कलेक्टर से लगाई राहत की गुहार

सतना। किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई बरगी बांध नहर परियोजना अब नागौद तहसील के ग्राम पंचायत बण्डी के किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। लगातार हो रही बारिश के बीच नहर के कारण वर्षा जल की निकासी बाधित हो गई है, जिससे गांव और आसपास के खेतों में व्यापक जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। हालात ऐसे हैं कि करीब सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल पूरी तरह पानी में डूबकर बर्बाद हो गई है, जबकि कई अन्य खेत भी जलमग्न हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि नहर निर्माण के दौरान प्राकृतिक जल निकासी की व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते बारिश का पानी खेतों और गांव में जमा हो रहा है। खेतों में कई दिनों से पानी भरा होने के कारण धान की फसल सड़ने लगी है और किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

जलभराव का असर खेती के साथ-साथ ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर भी पड़ रहा है। गांव के कई रास्तों पर पानी भर जाने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी की निकासी नहीं कराई गई तो नुकसान और बढ़ जाएगा।

ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत एवं संबंधित विभागों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्षा जल निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि गांव और खेतों से पानी निकल सके और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

किसानों ने की मुआवजा की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से जलभराव से प्रभावित फसलों का सर्वे कराने और किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि यह केवल एक गांव की समस्या नहीं, बल्कि सैकड़ों किसानों की आजीविका और ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर जनहित का मामला है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसानों को और अधिक आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें

– जलभराव वाले क्षेत्र का तत्काल प्रशासनिक निरीक्षण।
– वर्षा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था।
– प्रभावित फसलों का सर्वे कर उचित मुआवजा।
– नहर निर्माण में तकनीकी खामियों को दूर कर भविष्य में जलभराव रोकने के उपाय।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button