लाठी छीनकर आरपीएफ जवान पर टूट पड़ा नशेड़ी यात्री… देखें वीडियो।

सतना। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर शनिवार को नशे की हालत में एक यात्री ने जमकर हंगामा किया। रेलवे ट्रैक पार करने से रोकने और समझाइश देने पर उसने आरपीएफ के प्रधान आरक्षक की लाठी छीन ली और उन्हीं पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल बीच-बचाव कर आरोपी को काबू में कर लिया। आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।आरपीएफ के अनुसार आरोपी की पहचान बिहारी लाल पिता गया प्रसाद 36 वर्ष निवासी ग्राम बौली जिला कौशांबी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह किसी ट्रेन से सतना रेलवे स्टेशन पर उतरा था और नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान वह ट्रैक पर गिर गया। मौके पर मौजूद प्रधान आरक्षक जी.एन. सिंह और अन्य आरपीएफ जवानों ने उसे ट्रैक से उठाकर सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर लाया। इसके बाद उसे रेलवे ट्रैक पार न करने और नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अचानक प्रधान आरक्षक जी.एन. सिंह के हाथ से लाठी छीन ली और उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने कई बार वार किए इस बीच अन्य आरपीएफ जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे काबू में कर लिया। आरपीएफ ने बताया कि आरोपी के साथ उसका एक अन्य साथी भी यात्रा कर रहा था। घटना के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना से कुछ देर के लिए प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि आरपीएफ की सतर्कता के चलते स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।



