मध्य प्रदेशसतना
डॉक्टर भी बोले- ऐसे मामले रोज नहीं आते… जिला अस्पताल में हुआ दुर्लभ प्रसव
7 माह की गर्भवती ने एक साथ तीन बच्चियों को दिया जन्म, मां स्वस्थ, नवजातों का इलाज जारी

सतना। जिला अस्पताल में बुधवार देर रात एक दुर्लभ प्रसव का मामला सामने आया, जहां 7 माह की गर्भवती महिला ने एक साथ तीन बच्चियों को जन्म दिया। खास बात यह रही कि जिला अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा गर्भवती की नॉर्मल डिलीवरी कराई गई, तीनों शिशुओं का जन्म सामान्य प्रसव से हुआ। समय से पूर्व जन्म लेने और कम वजन होने के कारण तीनों नवजातों को विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
गायनी विभाग की एचओडी डॉ. मंजू सिंह ने बताया कि रामवन क्षेत्र के ग्राम सतरी निवासी प्रियंका साकेत (पति दिवाकर साकेत) को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय जांच में पहले से ही यह स्पष्ट था कि महिला के गर्भ में तीन शिशु पल रहे हैं। जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपाक्षी सिंह की देखरेख में सफल प्रसव कराया गया। हालांकि ऐसे मामलों में कई बार जान का जोखिम भी बढ़ जाता है लेकिन चिकित्सकीय टीम द्वारा सफल प्रयास किया गया। जिला अस्पताल में एक साथ तीन बच्चियों के जन्म की खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि ट्रिपलेट (एक साथ तीन शिशुओं) की गर्भावस्था और उसका सफल नॉर्मल प्रसव अपेक्षाकृत दुर्लभ मामलों में गिना जाता है। जिला अस्पताल में इससे पहले भी ट्रिपलेट के कई मामले आ चुके हैं।

एक-एक किलोग्राम के आसपास वजन
एसएनसीयू के चिकित्सक एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज सिंह के मुताबिक बच्चे प्रीमैच्योर हुए जिसके कारन बच्चे काफी गंभीर थे। तत्काल इन्हें एसएनसीयू में भर्ती करना पड़ा। पहली बच्ची का जन्म 24 जून की रात 10:25 बजे, दूसरी बच्ची का जन्म 11:45 बजे तथा तीसरी बच्ची का जन्म 11:56 बजे हुआ। करीब डेढ़ घंटे के अंतराल में तीनों बच्चियों का जन्म हुआ। तीनों नवजातों का वजन लगभग एक-एक किलोग्राम के आसपास बताया गया है। चूंकि प्रसव गर्भावस्था के सातवें माह में हुआ है, इसलिए तीनों बच्चियों को तत्काल एसएनसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार समय पूर्व जन्म और कम वजन के बावजूद तीनों नवजातों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं प्रसूता की हालत भी सामान्य बताई जा रही है।



