इंस्टाग्राम में लाइव आकर पुलिस को ललकारने वाला ‘बंटा’ चढ़ा हत्थे, जबलपुर से गिरफ्तारी
एयर फोर्स अधिकारी के घर पर फायरिंग करने के बाद से था फरार

सतना। सोशल मीडिया पर लाइव आकर सतना पुलिस को खुली चुनौती देने और फायरिंग की धमकियां देने वाला आरोपी अमित सोनी उर्फ बंटा आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। कोलगवां थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसे जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि 5 जून को घुरड़ांग स्थित एयरफोर्स अधिकारी के घर पर हुई फायरिंग की घटना में अमित सोनी मुख्य आरोपी था। उसने अपने साथी अमर सिंह समेत अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में हर्ष प्रताप सिंह की शिकायत पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने अमर सिंह और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन मुख्य आरोपी अमित सोनी फरार चल रहा था। फरारी के दौरान वह लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय रहा और वीडियो तथा लाइव प्रसारण के माध्यम से सतना पुलिस को चुनौती देता रहा।
आरोपी बंटा

बार बार बदल रहा था लोकेशन
आरोपी द्वारा पुलिस को खुलेआम धमकियां दिए जाने से मामला और गंभीर हो गया था। पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। हालांकि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था लेकिन तकनीकी निगरानी के जरिए बुधवार को उसकी लोकेशन जबलपुर में ट्रेस कर ली गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बतादे कि अमित सोनी उर्फ बंटा के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से अपराध जगत से जुड़ा रहा है और पूर्व में भी कोलगवां थाना पुलिस उसे विभिन्न मामलों में जेल भेज चुकी है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और हथियारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



