दारू पार्टी में थे दर्जनों मेहमान, आबकारी ने दिखाई 450 एमएल जप्ती की बहादुरी…
पार्टी में शामिल थे कई नामचीन चेहरे, दबाव में तो नहीं आ गया प्रसासन?

सतना। शहर के चर्चित उमा रिजॉर्ट में आयोजित कथित शराब पार्टी पर आबकारी विभाग की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के व्यापारिक वर्ग में चर्चा है कि पार्टी में आधा सैकड़ा से अधिक लोग मौजूद थे और देर रात तक जाम छलकते रहे। बताया जा रहा है कि पार्टी में महिलाओं की भी मौजूदगी थी और बड़े पैमाने पर मदिरापान हुआ, लेकिन आबकारी विभाग की कार्रवाई में केवल 450 एमएल ब्लैक एंड व्हाइट व्हिस्की जब्त किए जाने का उल्लेख किया गया है।
जिला आबकारी विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार उरांव के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में वृत्त प्रभारी निलेश गुप्ता ने उमा रिजॉर्ट में दबिश दी। यहां होटल के मैनेजर वीर सिंह भासनेर को शराब परोसते हुए पकड़ा गया और उसके खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36 के तहत कार्रवाई की गई। विभाग ने आरोपी के कब्जे से 450 एमएल ब्लैक एंड व्हाइट व्हिस्की, जिसकी कीमत 1600 रुपये बताई गई है, जब्त कर प्रकरण विवेचना में लिया है।
हालांकि, शहर में चर्चा का विषय यह है कि यदि पार्टी में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और शराब परोसी जा रही थी तो कार्रवाई केवल एक बोतल तक ही कैसे सीमित रह गई। लोगों का कहना है कि यदि मौके पर वास्तव में बड़े पैमाने पर शराब पार्टी चल रही थी तो अन्य शराब शामिल लोगों और आयोजन से जुड़े जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई हुई, यह स्पष्ट नहीं किया गया है।
आबकारी विभाग की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया और व्यापारिक वर्ग में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या इतनी बड़ी पार्टी का खुलासा महज 450 एमएल शराब की जब्ती तक ही सिमट गया। मामले को लेकर विभाग की कार्रवाई अब चर्चा और सवालों के घेरे में है।



