नीट री-एग्जाम में बड़ी लापरवाही: अव्यवस्था ने छीना छात्र का भविष्य, नहीं दे पाया एग्जाम

गलत जानकारी देने से दो केन्द्रों में चक्कर लगाता रहा छात्र, टाइम ओवर होने पर नहीं मिली एंट्री

सतना। देशभर में रविवार को आयोजित नीट यूजी (NEET-UG) री-एग्जाम के दौरान सतना में एक बड़ी लापरवाही सामने आई। परीक्षा केंद्र पर मौजूद एक कर्मचारी द्वारा गलत जानकारी दिए जाने के कारण एक छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हो सका। मामले को लेकर छात्र ने एसडीएम से लिखित शिकायत की है, जबकि एनएसयूआई ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए न्यायालय जाने की चेतावनी दी है।

दरअसल सेमरी गांव से परीक्षा देने आए छात्र ध्रुव गौतम का केंद्र पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 था। आरोप है कि प्रवेश पत्र की जांच कर रहे एक व्यक्ति ने उसे गलत जानकारी देते हुए वेंकट क्रमांक-2 विद्यालय भेज दिया। छात्र वहां पहुंचा तो उसे बताया गया कि उसका केंद्र यहां नहीं है। इसके बाद वह दोबारा केंद्रीय विद्यालय पहुंचा, लेकिन तब तक निर्धारित समय समाप्त हो चुका था और परीक्षा शुरू हो चुकी थी। परिणामस्वरूप उसे प्रवेश नहीं मिल सका और वह परीक्षा से वंचित रह गया।

पीड़ित छात्र ध्रुव गौतम ने कहा कि एक कर्मचारी की गलती से उसका पूरा भविष्य दांव पर लग गया। उसने मामले की शिकायत एसडीएम को सौंप दी है। वहीं एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव आनंद पांडेय ने घटना को गंभीर बताते हुए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो मामले को न्यायालय तक ले जाया जाएगा। उधर एसडीएम राहुल सिलाडिया ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

पीड़ित छात्र ध्रुव गौतम

सात केंद्रों में हुई परीक्षा

गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) और शिक्षा मंत्रालय द्वारा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को देशभर में पुनः परीक्षा आयोजित की गई। सतना जिले में इसके लिए सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां लगभग तीन हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा केंद्रों पर जिला प्रशासन, पुलिस बल और सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई थी। परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक कक्षों में बैठाया गया तथा परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली।

आनंद पांडेय NSUI प्रदेश महासचिव

 

Back to top button